जामताड़ा: नवरात्र के पावन अवसर पर जामताड़ा की तीन प्रतिभावान बेटियों ने जिले का मान बढ़ाया है. जामताड़ा जिला गतका एसोसिएशन एवं सामर्थ्य सेल्फ डिफेंस एकेडमी की खिलाड़ी श्रेया श्री, प्राची गुप्ता और प्रिंसी गुप्ता का चयन 10वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर एवं जूनियर गतका प्रतियोगिता-2026 के लिए झारखंड राज्य टीम में हुआ है. राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 14 से 17 अक्टूबर तक हरियाणा के फतेहाबाद में किया जाएगा. तीनों खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत में खुशी का माहौल है.


तीनों खिलाड़ियों ने 22 और 23 अगस्त को धनबाद में आयोजित राज्यस्तरीय गतका प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था. इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन झारखंड राज्य टीम के लिए किया गया है. तीनों खिलाड़ी कोच मयंक पांडे के मार्गदर्शन में लगातार प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं. वे राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने और राज्य के लिए पदक जीतने के लक्ष्य के साथ प्रतियोगिता की तैयारी में जुटी हैं.
सम्मान समारोह आयोजित कर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
तीनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जामताड़ा जिला गतका एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक दीपक दुबे ने अपने मार्शल आर्ट कार्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया. इस दौरान श्रेया श्री, प्राची गुप्ता और प्रिंसी गुप्ता को फूलमाला, चुनरी एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया. साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई.
इस अवसर पर दीपक दुबे ने कहा कि नवरात्र के दौरान जामताड़ा की तीन बेटियों का राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता के लिए चयनित होना जिले के लिए गौरव की बात है. राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि तीनों खिलाड़ी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जामताड़ा जिले और झारखंड राज्य का नाम रोशन करेंगी.
खेल जगत से मिल रही बधाइयां
तीनों खिलाड़ियों के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर जिला खेल पदाधिकारी तूफान कुमार पोद्दार सहित मधुसूदन दास, सुनील सिंह, पूजा गुप्ता, राहुल सिंह, सूरज कुमार पासवान, डॉ. भास्कर चांद, परिणीता सिंह, सोनू मल्लिक, राजकुमार वर्मा और रितु गौराय ने बधाई दी है. सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन की कामना की.
अब जिलेवासियों की निगाहें हरियाणा के फतेहाबाद में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं. जामताड़ा की ये तीनों बेटियां अपने खेल कौशल और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर जिले और झारखंड का गौरव बढ़ाने के लिए तैयार हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

