जामताड़ा/ Manish Baranwal साइबर अपराध थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापामारी कर तीन साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई उत्क्रमित मध्य विद्यालय कशियाटांड़ के आगे सिनबार झाड़ी के पास की गई, जहां आरोपी साइबर ठगी को अंजाम दे रहे थे.

इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मुख्य रूप से फोन पे के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे.
गुप्त सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापामारी की, जिसमें हातिम अंसारी, बिनोद मंडल और नजरूद्दीन अंसारी को मौके से गिरफ्तार किया गया. छापामारी के दौरान पुलिस ने साइबर अपराध में प्रयुक्त सात मोबाइल फोन और सात सिम कार्ड बरामद किए हैं.
प्रारंभिक पूछताछ में तीनों आरोपियों ने साइबर ठगी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस अब इनके आपराधिक नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और संपर्क में रहे अन्य साइबर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्राथमिक अभियुक्त हातिम अंसारी वर्ष 2018 में भी साइबर अपराध के मामले में जेल जा चुका है. पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर थाना को दें.

