सरायकेला: जिले में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध उत्पाद विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है. उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक के निर्देशन में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग द्वारा सघन छापामारी अभियान चलाया गया.

इस क्रम में सोमवार की देर रात आदित्यपुर थाना अंतर्गत सुधा डेयरी डीवीसी मोड़ और मंगलवार को सरायकेला थाना अंतर्गत सिंहपुर गांव में छापामारी की गई. छापामारी के दौरान कृष्णदेव यादव के ढाबा, सुधा डेयरी डीवीसी मोड़ तथा अरुण महतो के किराना दुकान, ग्राम सिंहपुर से अवैध विदेशी शराब किंग्स गोल्ड बरामद की गई. बरामद शराब की कुल मात्रा 1.86 लीटर पाई गई.
उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से दोनों अवैध शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
उत्पाद अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए छापामारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़े कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.
छापामारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद अखिलेश कुमार, प्रतिनियुक्त सहायक अवर निरीक्षक सौदागर पंडित, दिनेश सरदार, गृह रक्षक एवं अन्य कर्मी शामिल थे.

