जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले में साइबर अपराधियों द्वारा जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए जाने का मामला सामने आया है. साइबर ठगों ने “श्री रवि आनंद डीसी” नाम से एक नकली फेसबुक आईडी तैयार की है, जिसके संज्ञान में आते ही उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद ने जिलेवासियों से सतर्क रहने की अपील की है.

उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि उक्त फेसबुक अकाउंट पूरी तरह फर्जी है. उन्होंने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि इस फेक अकाउंट से आने वाली किसी भी प्रकार की फ्रेंड रिक्वेस्ट या मैसेज रिक्वेस्ट को तुरंत अस्वीकार कर दें और किसी भी तरह के झांसे में न आएं.
उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस फर्जी अकाउंट के माध्यम से किसी प्रकार की धनराशि की मांग की जाती है, तो उसे नजरअंदाज करें और तत्काल इसकी शिकायत साइबर थाना में दर्ज कराएं. मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय को इस संबंध में आवश्यक दिशा- निर्देश भी जारी किए हैं, ताकि साइबर अपराधियों के खिलाफ समुचित कार्रवाई की जा सके.
उपायुक्त ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधी लोगों की गाढ़ी कमाई को ठगने के लिए नए- नए तरीके अपना रहे हैं. फर्जी फेसबुक आईडी, व्हाट्सएप अकाउंट और अन्य सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर आम लोगों को भ्रमित किया जाता है. दुर्भाग्यवश कई बार भोले-भाले लोग इनके जाल में फंस जाते हैं.
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट की सत्यता की जांच करें और संदेह होने पर तुरंत पुलिस या साइबर सेल को सूचना दें.
उपायुक्त जामताड़ा के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट इस प्रकार हैं
फेसबुक – dc jamtara official.
एक्स (X) – dcjamtara.
इंस्टाग्राम – dc_jamtara_official.

