जामताड़ा: साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जामताड़ा पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार कथित साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 मोबाइल फोन, एक टैब और 12 सिम कार्ड बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर डीएसपी अमित रविदास के नेतृत्व में गठित टीम ने पिंडारी रेलवे फाटक के आगे रेलवे की जमीन पर स्थित एक क्षतिग्रस्त मकान में छापेमारी की. पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान चारों आरोपी कथित रूप से साइबर अपराध में संलिप्त पाए गए.


सीताकाटा के तीन और काशीटांड़ का एक आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीताकाटा गांव निवासी सुनीत कुमार दास (25), कपिल दास (30) और सीतेश्वर दास (29) के रूप में हुई है. वहीं, काशीटांड़ गांव निवासी तनवीर अंसारी (20) को भी गिरफ्तार किया गया है. चारों आरोपी करमाटांड़ थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
इस मामले में साइबर अपराध थाना कांड संख्या 68/26, दिनांक 15 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट, 2023 की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
APK फाइल भेजकर लोगों को बनाते थे निशाना
पुलिस के अनुसार, आरोपी बैंक केवाईसी अपडेट करने, ई-चालान, शादी का कार्ड, आमंत्रण पत्र, बिजली बिल, गैस पाइपलाइन और पानी का कनेक्शन उपलब्ध कराने के नाम पर लोगों को झांसा देते थे. खुद को संबंधित बैंक या कंपनी का अधिकारी बताकर लोगों के मोबाइल पर APK फाइल भेजते थे. इसके अलावा व्हाट्सएप के स्क्रीन शेयर फीचर का इस्तेमाल कर भी साइबर ठगी करने का आरोप है. पुलिस का कहना है कि ठगी से प्राप्त रकम विभिन्न राज्यों में संचालित फर्जी बैंक खातों के माध्यम से निकाली जाती थी. आरोपियों का कथित साइबर अपराध नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ था.
छापेमारी दल में शामिल थे पुलिस अधिकारी
छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक पुष्पेश्वर दास, पुलिस निरीक्षक कृष्णा कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे. पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

