जामताड़ा: पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी मो. फारूक के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. इसके बाद फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगड़ी गांव और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव के समीप पलाश झुंड इलाके में छापेमारी की गई.

छापेमारी के दौरान साइबर अपराध में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में फतेहपुर थाना क्षेत्र के बनगड़ी गांव निवासी 30 वर्षीय गुलाम मुहम्मद और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के डुमरिया गांव निवासी 31 वर्षीय मो. मकबूल अंसारी शामिल हैं.
इस मामले में साइबर थाना कांड संख्या 25/26 दिनांक 12 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 9 सिम कार्ड बरामद किए हैं.
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी गेमिंग एप के ग्राहकों को फोन कर झांसे में लेते थे और उनसे रिचार्ज करवाकर कूपन के जरिए ऑनलाइन खरीदारी करते थे. इसके अलावा आरोपी विभिन्न बैंकों की APK फाइल डाउनलोड करवाकर लोगों के बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे.
पुलिस के अनुसार आरोपी खुद को जियो कस्टमर केयर अधिकारी बताकर KYC अपडेट के नाम पर लोगों से बैंकिंग और निजी जानकारी हासिल करते थे और फिर साइबर ठगी को अंजाम देते थे. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि साइबर अपराधियों का नेटवर्क देश के कई राज्यों में सक्रिय था. इस कार्रवाई में साइबर थाना और आईआरबी के कई पुलिस पदाधिकारी शामिल रहे. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
Report- Manish Baranwal



