
जामताड़ा: जिला अंतर्गत मिहिजाम शहर अंबेडकर नगर मोहल्ले में बुधवार उस समय अफरा- तफरी मच गई, जब एक घर के आंगन में करीब पांच फीट लंबा जहरीला इंडियन


कोबरा (नाग) दिखाई दिया. अचानक सांप दिखने से इलाके में दहशत फैल गई और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए.सूचना मिलने पर सर्प रेस्क्यू टीम पहुंची और काफी मशक्कत के बाद नाग को सुरक्षित पकड़ लिया.
मिली जानकारी के अनुसार, अंबेडकर नगर निवासी शशि राम बुधवार सुबह अपने कमरे से निकलकर स्नान करने के लिए कुएं की ओर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी नजर घर के मुख्य दरवाजे के पास आंगन में बैठे एक बड़े नाग पर पड़ी. सांप को देखते ही वे घबरा गए और तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी.
देखते ही देखते यह खबर आसपास के घरों तक फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. कई परिवारों ने एहतियातन बच्चों को घर के अंदर रहने की सलाह दी. लोगों को आशंका थी कि कहीं नाग घर के भीतर न घुस जाए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया.
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दी. टीम ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए करीब पांच फीट लंबे नाग को सुरक्षित पकड़ लिया. इस दौरान लोगों को सांप से दूर रहने और किसी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने की हिदायत दी गई.
रेस्क्यू अभियान सफल होने के बाद मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली. स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में अक्सर सांप अपने बिलों से निकलकर रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं, जिससे ऐसी घटनाएं बढ़ जाती हैं. रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं सांप दिखाई दे तो घबराने के बजाय विशेषज्ञों को सूचना दें. सांप को मारने या खुद पकड़ने की कोशिश करना जानलेवा साबित हो सकता है. घटना के बाद पूरे मोहल्ले में दिनभर इस नाग को लेकर चर्चा होती रही.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल






