जामताड़ा: थाना क्षेत्र में कार्यरत 35 चौकीदार पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं. आगामी बकरीद पर्व से पहले भुगतान नहीं होने पर चौकीदारों में भारी नाराजगी देखी जा रही है. कई चौकीदारों ने कहा कि परिवार चलाना मुश्किल हो गया है और राशन दुकानदार भी अब उधार देने से मना कर रहे हैं.

चौकीदार सज्जाद शेख, बाबू मरांडी, सुनील मोहाली, देवासी सरदार और ताहिर समेत अन्य कर्मियों ने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण ड्यूटी पर आने- जाने के लिए बाइक में पेट्रोल भरवाना भी मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा कि दिन-रात कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने के बावजूद समय पर वेतन नहीं मिल रहा है.
मामले पर जामताड़ा अंचलाधिकारी अविश्वेश्वर मुर्मू ने बताया कि नाजीर के तबादले के कारण भुगतान प्रक्रिया प्रभावित हुई है. उन्होंने आश्वासन दिया कि सोमवार को नए कर्मी के योगदान देने के बाद मंगलवार तक सभी चौकीदारों का लंबित वेतन भुगतान कर दिया जाएगा.
हालांकि चौकीदारों का कहना है कि पहले भी कई बार आश्वासन मिला, लेकिन अब तक भुगतान नहीं होने से उनकी परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



