जमशेदपुर: नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत जिले के मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद एवं चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्रों में शांतिपूर्ण, छिटपुट हिंसा के बीच निष्पक्ष मतदान संपन्न हुआ.

समाहरणालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि कुल 70 वार्डों के 249 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया. जिले में कुल 2,53,711 मतदाताओं में से 1,35,536 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस प्रकार कुल मतदान प्रतिशत 53.40 दर्ज किया गया.
निकायवार मतदान प्रतिशत इस प्रकार रहा
मानगो नगर निगम में 50.8 प्रतिशत, जुगसलाई नगर परिषद में 59.6 प्रतिशत,
चाकुलिया नगर पंचायत में 72.9 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई थीं. सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारियों की नियमित निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई. कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई. उन्होंने मतदान में सक्रिय भागीदारी निभाने वाले मतदाताओं, प्रेक्षकों, चुनाव कार्य में संलग्न पदाधिकारियों एवं कर्मियों, पुलिस बल, मीडिया प्रतिनिधियों तथा प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने जानकारी दी कि निर्धारित तिथि 27 फरवरी को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना कराई जाएगी. जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है.

