
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 452 ग्राम गांजा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से गांजा, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है.


पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे सूचना मिली थी कि ग्राम स्वासपुर के पास पुराना राखा माइंस की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर अवैध रूप से गांजा की खरीद-बिक्री और परिवहन कर रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश तथा पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुसाबनी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्वासपुर निवासी नागेन भकत (45 वर्ष), पिता सुभाष भकत, को मोटरसाइकिल संख्या JH05DK-6337 पर संदिग्ध अवस्था में पकड़ा. उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक की तलाशी लेने पर करीब 452 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया.
पुलिस ने आरोपी के पास से एक वीवो कंपनी का स्मार्टफोन, गांजा से भरा काला प्लास्टिक तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की है. आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.





