जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित टीएमएच गोलचक्कर के समीप सोमवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक बुरी तरह घायल हो गया. बताया जा रहा है कि टाटा स्टील की फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक फायर ब्रिगेड के चक्के में फंस गया जिससे उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी गई.
घायल युवक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान जुगसलाई मस्जिद रोड निवासी मोहम्मद हुसम अख्तर के रूप में हुई है. वह मोहम्मद सलाम के पुत्र बताए जा रहे हैं. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है.
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा फायर ब्रिगेड वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



