जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मखदुमपुर रेलवे फाटक पर रविवार को सड़क किनारे लापरवाही से खड़ी एक महरून रंग की स्कूटी के कारण लंबा जाम लग गया. स्कूटी की वजह से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और देखते ही देखते रेलवे फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. जाम में आम लोगों के साथ दोपहिया, चारपहिया और मालवाहक वाहन भी घंटों फंसे रहे.


स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब पशुपालन विभाग की एक सरकारी गाड़ी भी मौके पर पहुंची. चालक लगातार सायरन बजाता रहा, लेकिन सड़क पर जगह नहीं होने के कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका और उसे भी जाम में फंसे रहना पड़ा.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने जिम्मेदारी निभाते हुए स्कूटी के मालिक की तलाश शुरू की. आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद स्कूटी मालिक को बुलाया गया और वाहन हटवाया गया. स्कूटी हटने के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ और काफी देर बाद जाम समाप्त हो सका.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मखदुमपुर रेलवे फाटक पर जाम लगना अब आम समस्या बन चुकी है. रेलवे फाटक बंद होने के दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है और थोड़ी-सी लापरवाही भी बड़े जाम का कारण बन जाती है. इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और आम यात्रियों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मखदुमपुर रेलवे फाटक पर शीघ्र रेलवे ओवरब्रिज (फ्लाईओवर) निर्माण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि ओवरब्रिज बनने से बार-बार लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिलेगी और लोगों का समय भी बचेगा.
साथ ही स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की भी मांग की.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक





