
जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के बवानगोड़ा इलाके में सड़क किनारे एक वृद्ध महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और इसकी सूचना मुखिया एवं परसुडीह थाना पुलिस को दी.


मृतका की पहचान सरजमदा निधि टोला निवासी 75 वर्षीय नागी हांसदा के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, पति के निधन के बाद वह पिछले तीन-चार वर्षों से बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही थीं. उनका कोई स्थायी सहारा नहीं था और वह लोगों से भोजन एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं मांगकर अपना गुजारा करती थीं. अक्सर वह बवानगोरा क्षेत्र में ही रहती थीं और रात भी आसपास के स्थानों पर बिताती थीं.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार शाम तक उनकी तबीयत सामान्य थी. देर रात कुछ स्थानीय लोग उन्हें भोजन देने पहुंचे तो वह सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ी मिलीं. जांच करने पर उनकी मौत हो चुकी थी. इसके बाद तत्काल गांव के मुखिया और पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया. पुलिस का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





