
आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साईं नगर रोड नंबर-5 में मंगलवार को एक बंद घर में आग लगने से भारी नुकसान होने का मामला सामने आया है. पीड़ित परिवार ने अज्ञात उपद्रवियों पर घर में आग लगाने का आरोप लगाया है. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.


जानकारी के अनुसार, घर के मालिक महादेव कुमार अपने पूरे परिवार के साथ किसी काम से बाहर गए हुए थे. इसी दौरान अज्ञात लोगों ने कथित रूप से उनके बंद घर में आग लगा दी. आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े और अन्य घरेलू सामग्री जलकर राख हो गई.
जब महादेव कुमार परिवार के साथ वापस लौटे तो घर की हालत देखकर स्तब्ध रह गए. उन्होंने बताया कि वर्षों की मेहनत और एक-एक पैसा जोड़कर उन्होंने घर का सामान खरीदा था, जो आग में पूरी तरह नष्ट हो गया. पीड़ित ने भारी आर्थिक क्षति होने की बात कही. हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. समाचार लिखे जाने तक घटना की सूचना पुलिस को नहीं दी गई है. पीड़ित ने पूरे मामले में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





