जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सरजमदा नाला के पास शुक्रवार को उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब सरकारी जमीन पर बन रहे उप स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य को अचानक रोक दिया गया. बताया जा रहा है कि करीब 55 लाख रुपये की लागत से इस उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जा रहा था. इसी दौरान स्थानीय महिला जानकी देवी और उनके परिजनों ने मौके पर पहुंचकर काम का विरोध शुरू कर दिया.

जानकी देवी ने जमीन को अपनी पुश्तैनी संपत्ति बताते हुए जेसीबी मशीन के सामने खड़े होकर निर्माण कार्य रुकवा दिया. स्थिति बिगड़ते देख परसुडीह पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उन्हें तथा उनके परिजनों को थाना ले गई. इस दौरान महिलाओं ने विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी भी व्यक्त की.
जानकी देवी का कहना है कि यह जमीन उनकी पुश्तैनी है और किसी भी हाल में यहां निर्माण नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया कि जानबूझकर इस जमीन को चिन्हित कर निर्माण कराया जा रहा है. वहीं प्रशासन का दावा है कि संबंधित जमीन पूरी तरह सरकारी है. खाता संख्या 479 और प्लॉट संख्या 1255 के तहत कुल 1.01 एकड़ भूमि उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण के लिए चिन्हित की गई है, जिसका सरकारी बोर्ड भी स्थल पर लगाया गया है.
सरकार की योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से हर पंचायत में उप स्वास्थ्य केंद्र बनाए जा रहे हैं और उसी क्रम में इस स्थल का चयन किया गया है. फिलहाल ठेकेदार ने निर्माण कार्य में बाधा डालने को लेकर परसुडीह थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

