जमशेदपुर/ Afroz Mallik मानगो थाना क्षेत्र के डिमना इलाके से एक बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बना हुआ है. दाईगुट्टू निवासी बबलू भूमिज के पिता मंगल सिंह भूमिज (69 वर्ष) बीते 11 अप्रैल 2026 को अचानक घर से बिना बताए निकल गए और उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है.

परिजनों के अनुसार, घटना के दिन वे सामान्य रूप से घर पर मौजूद थे, लेकिन कुछ समय बाद बिना किसी सूचना के बाहर चले गए. देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने आसपास के इलाकों, बाजार, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उनकी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला.
गुमशुदा बुजुर्ग का हुलिया सांवला रंग, कद लगभग 4.5 फीट बताया जा रहा है. घर से निकलते समय वे काला पेंट, सफेद गंजी और कंधे पर गमछा लिए हुए थे. काफी प्रयास के बावजूद जब उनका पता नहीं चला, तो परिजनों ने मानगो थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है.
इस घटना के बाद परिवार में गहरा दुख और चिंता व्याप्त है. परिजनों ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को मंगल सिंह भूमिज के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या जारी मोबाइल नंबर 8210778818 पर संपर्क करें.
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द बुजुर्ग की खोजबीन करने की मांग की है, ताकि उन्हें सुरक्षित घर वापस लाया जा सके.

