
सरायकेला: हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में शुक्रवार को आदित्यपुर बंद कराने निकले करीब 50 भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. इस दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ता पुलिस हिरासत से बाहर निकलने लगे. तभी आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने उन्हें रोकते हुए शांतिपूर्ण ढंग से पुलिस का सहयोग करने की अपील की.


थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने हिरासत में लिए गए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि वे शाम 5 बजे तक थाना बंदी के रूप में हिरासत में रहें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें. उन्होंने कहा कि सभी के लिए सरकारी स्तर पर भोजन की व्यवस्था की गई है और किसी को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी.
उन्होंने कहा, “आप सभी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा चुके हैं. अब पुलिस का सहयोग करें. शाम 5 बजे तक यहीं रहें. सभी के भोजन की व्यवस्था की गई है. इसके बाद नियमानुसार सभी को छोड़ दिया जाएगा.”
थाना प्रभारी की अपील के बाद अधिकांश भाजपा कार्यकर्ता शांत हो गए और थाना परिसर में ही रुके रहे. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने भी सभी से संयम बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने की अपील की.
गौरतलब है कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भाजपा द्वारा आदित्यपुर बंद का आह्वान किया गया था. बंद के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पहले से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी. एहतियातन करीब 50 बंद समर्थकों को हिरासत में लिया गया, जिनमें आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार भी शामिल थे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय





