जमशेदपुर: शहर की पुरानी सांस्कृतिक संस्थाओं में शामिल मद्रासी सम्मेलनी, जमशेदपुर की ओर से एल रोड, बिष्टुपुर स्थित परिसर में 24वें बुक ग्रांट समारोह का आयोजन किया गया. समारोह के दौरान शहर के 11 स्कूलों में पढ़ने वाले वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के विद्यार्थियों के बीच कुल 2 लाख 33 हजार 300 रुपये की आर्थिक सहायता वितरित की गई.


मद्रासी सम्मेलनी की ओर से सांस्कृतिक, धार्मिक, सामाजिक और मानवतावादी गतिविधियों के साथ जरूरतमंद एवं मेधावी विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने का कार्य लंबे समय से किया जा रहा है. संस्था ने वर्ष 1992-93 में अपने प्लेटिनम जुबली समारोह के दौरान विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग देने की शुरुआत की थी. इसी क्रम में 24वां बुक ग्रांट समारोह आयोजित किया गया.
समारोह के दौरान विद्यार्थियों की सहायता के अलावा पांच प्रोजेक्ट स्कूलों को भी 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई. इनमें बाल कल्याण विद्या मंदिर, डीबीएमएस लिलिपुट स्कूल, प्रेम ज्योति प्रांगण, ट्राइबल एजुकेशन मिशन और भारती विद्यालय शामिल हैं.
वहीं, कमजोर आर्थिक वर्ग के छह गंभीर रूप से बीमार मरीजों के इलाज के लिए कुल 50 हजार रुपये की चिकित्सा सहायता भी दी गई. इस पहल के माध्यम से शिक्षा के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों को भी सहयोग उपलब्ध कराया गया.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीबीएमएस स्कूल के फाइनेंस चेयरपर्सन डॉ. बी. चंद्रशेखर थे. उन्होंने विद्यार्थियों और अन्य लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक प्रदान किए. उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक लगातार सहायता पहुंचाने की मद्रासी सम्मेलनी की परंपरा की सराहना की और शहर की अन्य संस्थाओं से भी समाज के जरूरतमंद वर्ग की मदद के लिए आगे आने का आह्वान किया.
समारोह में मद्रासी सम्मेलनी के चेयरमैन जी. शंकर, वाइस चेयरमैन वी. नटराजन, सचिव एस. सुब्रमण्यम, कोषाध्यक्ष ए. आर. गोपालन, सदस्य एम. एस. वी. सिवा, एस. शेषाद्री, अध्यक्ष एस. रमेश, उपाध्यक्ष शिव कुमार, सचिव एन. श्रीनिवासन, कोषाध्यक्ष के. राघवन, संयुक्त सचिव दिलीप कुमार, समिति सदस्य के. वी. गोविंद, एस. श्रीनिवासन सहित मैनेजर जी. रवि कुमार उपस्थित रहे. सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

