जमशेदपुर: जुगसलाई थाना पुलिस ने आरपीएफ टाटानगर के सहयोग से घोड़ा चौक के समीप कार्रवाई करते हुए 17.274 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये है.


ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने बताया कि एक संदिग्ध युवक के बैग और सूटकेस के साथ घोड़ा चौक की ओर जाने की सूचना मिली थी. वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया. तलाशी में काले रंग के सूटकेस से 14 और फिरोजी रंग के बैग से तीन पैकेट गांजा बरामद होने का पुलिस ने दावा किया है.
गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बारा गांव निवासी 22 वर्षीय मनीष यादव के रूप में हुई है. उसके पास से एक आईफोन भी जब्त किया गया है.
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी.

