जमशेदपुर: झारखंड प्रदेश महिला फुटबॉल एसोसिएशन की नव- निर्वाचित अध्यक्ष गुंजन सिंह शुक्रवार क़ो पहली बार जमशेदपुर पहुंचीं, जहां उनका जोरदार और गर्मजोशी भरा स्वागत किया गया. प्रदेश महिला उपाध्यक्ष पुनीता चौधरी ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं.

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला फुटबॉल खिलाड़ी, खेल प्रेमी तथा कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. सभी ने उम्मीद जताई कि गुंजन सिंह के नेतृत्व में झारखंड में महिला फुटबॉल को नई दिशा और नई गति मिलेगी.
मीडिया से बात करते हुए गुंजन सिंह ने कहा कि संगठन और खेल समुदाय ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाने का प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि उनका पहला लक्ष्य संगठन को मजबूत बनाना तथा पूरे प्रदेश में इसकी सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करना है. उन्होंने बताया कि हर जिले में मजबूत एवं सक्रिय कमेटियां बनाकर प्रतिभावान खिलाड़ियों को जोड़ने की प्रक्रिया तेज की जाएगी.
नई अध्यक्ष ने कहा कि महिला फुटबॉल के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में अपार संभावनाएं और अद्भुत प्रतिभाएं छिपी हैं. वह स्वयं गांव- गांव जाकर उभरती खिलाड़ियों की खोज करेंगी और उन्हें बड़े मंच से जोड़ने का प्रयास करेंगी. उन्होंने यह भी कहा कि महिला खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, सही मंच और पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी, ताकि वे राज्य ही नहीं राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकें.
गुंजन सिंह ने जानकारी दी कि झारखंड में बहुत जल्द एक बड़े महिला फुटबॉल टूर्नामेंट के आयोजन की तैयारी शुरू की जा रही है, जिससे प्रदेश की प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा. उन्होंने कहा कि खेल के विकास और खिलाड़ियों के सशक्तिकरण के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
