जमशेदपुर: गोलमुरी स्थित आकाशदीप प्लाजा के सामने मंगलवार को एक बार फिर सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार में जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया. हादसे के बाद इस स्थान पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.


स्थानीय लोगों के अनुसार, आकाशदीप प्लाजा के सामने डिवाइडर से वाहनों के टकराने की यह पांचवीं घटना है. एक ही स्थान पर बार-बार हादसे होने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है.
लोगों का कहना है कि रात के समय सड़क के इस हिस्से में पर्याप्त रोशनी नहीं रहती. ऐसे में वाहन चालकों को डिवाइडर स्पष्ट दिखाई नहीं देता. डिवाइडर पर पर्याप्त रेडियम, रिफ्लेक्टर और चेतावनी संकेतक नहीं होने के कारण दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक ही स्थान पर बार-बार हादसे हो रहे हों, तो इसे केवल वाहन चालकों की लापरवाही मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. सड़क की बनावट, प्रकाश व्यवस्था और डिवाइडर की दृश्यता की भी गंभीरता से जांच की जरूरत है.
लोगों ने संबंधित विभाग से तत्काल स्थल का निरीक्षण कराने, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था करने तथा डिवाइडर पर रेडियम, रिफ्लेक्टर और स्पष्ट चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हादसों की पुनरावृत्ति इस बात का संकेत है कि मौके पर सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की जरूरत है. समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.
अब सवाल यह है कि एक ही स्थान पर पांचवीं बार हादसा होने के बाद जिम्मेदार विभाग कब जागेगा ? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा या समय रहते सड़क सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा ?

