जमशेदपुर: टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत नीलडीह ग्वाला बस्ती स्थित गायत्री नगर में चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है. इस वारदात में चोरों ने करीब 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया.

जानकारी के अनुसार, चोरों ने अवधेश सिंह के घर में धावा बोलते हुए सभी कमरों के ताले काट दिए और अलमारी में रखे कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए. बताया जा रहा है कि अवधेश सिंह का परिवार पिछले 50 वर्षों से इस घर में रह रहा था, लेकिन हाल ही में उन्होंने नामदा बस्ती में नया मकान बना लिया है. पिछले एक सप्ताह से पूरा परिवार नए मकान में रह रहा था, जबकि पुराना घर खाली पड़ा था. घर की देखरेख के लिए एक भाई यहां रह रहा था, लेकिन वह भी तीन दिनों से एक शादी समारोह में शामिल होने ससुराल गया हुआ था. इसी मौके का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया.
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब गुरुवार सुबह अवधेश सिंह का ड्राइवर गाड़ी निकालने घर पहुंचा. उसने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है. अंदर जाकर देखने पर किसी के नहीं होने पर उसने तुरंत मालिक को सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि घर के सभी ताले टूटे हुए हैं और अलमारी में रखे जेवरात गायब हैं.
घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी की घटना की कड़ी से जांच कर रही है. गौरतलब है कि हाल के दिनों में शहर और आसपास के क्षेत्रों में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं. इस घटना को भी उसी सिलसिले का हिस्सा माना जा रहा है.

