जमशेदपुर: बिष्टुपुर सीएच एरिया निवासी और शहर के जाने-माने उद्यमी देवांग गांधी के 24 वर्षीय पुत्र कैरव गांधी मंगलवार दोपहर करीब दो बजे से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए हैं. इस घटना के बाद शहर के कारोबार जगत में हड़कंप मच गया है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, कैरव गांधी का अंतिम मोबाइल लोकेशन सोनारी के आदर्श नगर इलाके में ट्रेस किया गया था. इसके बाद उनकी क्रेटा कार पड़ोसी जिला सरायकेला- खरसावां के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा के समीप झाड़ियों से बरामद की गई है. कार मिलने के बाद मामले ने और भी गंभीर रूप ले लिया है.

बरामद कार
कैरव के पिता देवांग गांधी आदित्यपुर स्माल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष हैं. उनका आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में इंपीरियल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड सहित कई औद्योगिक प्रतिष्ठान हैं. गांधी परिवार को शहर का एक सभ्रांत और रसूखदार परिवार माना जाता है.
फिलहाल जमशेदपुर और सरायकेला- खरसावां दोनों जिलों की पुलिस संयुक्त रूप से कैरव गांधी की तलाश में जुटी हुई है. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है.

