
जमशेदपुर: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट और संदेश भेजे जा रहे हैं. जिला प्रशासन ने इसे लेकर आम लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.


प्रशासन के अनुसार “Dc Rajiv Ranjan” नाम से बनाई गई फर्जी फेसबुक आईडी के माध्यम से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी जा रही है और विभिन्न प्रकार के संदेश भी प्रेषित किए जा रहे हैं.
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपायुक्त किसी भी नागरिक को अपनी व्यक्तिगत फेसबुक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट नहीं भेजते हैं. न ही वे किसी प्रकार की आर्थिक सहायता. धनराशि. व्यक्तिगत जानकारी या बैंक संबंधी विवरण मांगते हैं. इसलिए ऐसे किसी भी संदेश या अनुरोध पर विश्वास न करें.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इस फर्जी आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट या संदेश प्राप्त होता है तो उसे तुरंत इग्नोर करें. संबंधित प्रोफाइल को रिपोर्ट करें और मामले की सूचना निकटतम थाना या साइबर थाना को दें.
जिला प्रशासन ने बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. साथ ही नागरिकों से सोशल मीडिया का उपयोग करते समय सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध या भ्रामक प्रोफाइल के झांसे में नहीं आने की अपील की गई है.





