जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के जुबिली पार्क के समीप बुधवार को एक युवती और युवक के बीच विवाद के बाद हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.


युवती ने पुलिस के समक्ष आरोप लगाया कि युवक बीती रात उसके घर में घुसकर मोबाइल फोन चुरा ले गया था. उसका यह भी आरोप है कि युवक मोबाइल में मौजूद सामग्री के आधार पर आपत्तिजनक तस्वीर बनाने की बात कहकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था. हालांकि युवक ने कथित तौर पर बदले में क्या मांग रखी थी, इसका खुलासा युवती ने नहीं किया.
युवती के अनुसार वह युवक की तलाश कर रही थी. युवक ने उसकी मां को फोन पर धमकी भी दी थी. बुधवार सुबी जुबिली पार्क के समीप उसे देखने के बाद उसने पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.
फिलहाल युवक पुलिस हिरासत में है. युवती द्वारा लगाए गए मोबाइल चोरी और ब्लैकमेलिंग के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है. जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

