जमशेदपुर: शहर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित पी रोड में शनिवार देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा सड़क किनारे खड़ी दो कारों में आग लगा दिए जाने की घटना सामने आई है. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात सड़क किनारे खड़ी दोनों कारों से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं. देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बिष्टुपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. वहीं दमकल विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक दोनों कारों का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था.
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आगजनी की यह घटना असामाजिक तत्वों द्वारा अंजाम दी गई है. पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है. घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. आग लगने से दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है. पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने भी जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिलाया है.



