जमशेदपुर/ Varun Kumar देश की प्रीमियम ट्रेनों में शामिल पटना- टाटा वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर खानपान व्यवस्था को लेकर विवादों में आ गई है. सोमवार को पटना से टाटानगर की यात्रा कर रहे एक यात्री को कच्चा और ठंडा भोजन परोस दिया गया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया.

प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्री वरुण कुमार ने यात्रा के दौरान नॉन-वेज भोजन का ऑर्डर दिया था. आरोप है कि खाना खत्म होने के बाद कोच अटेंडेंट ने उन्हें विकल्प के तौर पर हल्दीराम का रेडी-टू-ईट पैकेट दे दिया. यह पैकेट बिना गर्म किए ही परोस दिया गया, जिसमें चावल अधपके पाए गए और खाने योग्य नहीं थे.
यात्री ने इस लापरवाही को गंभीर बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व ट्विटर) पर रेल मंत्रालय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को टैग कर शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है.
यात्रियों का कहना है कि वंदे भारत जैसी आधुनिक और प्रीमियम ट्रेन में इस तरह की लापरवाही बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. बेहतर सुविधा और गुणवत्ता की उम्मीद के साथ यात्रा करने वाले लोगों को इस तरह की सेवा मिलना रेलवे की छवि पर सवाल खड़े करता है.
गौरतलब है कि इससे पहले भी 15 मार्च को इसी ट्रेन में खराब भोजन की शिकायत सामने आई थी, जब एक यात्री को अमूल की दही में कीड़े मिलने की बात सामने आई थी. उस मामले में रेल मंत्रालय ने संबंधित कैटरिंग एजेंसी पर कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया था और एजेंसी को बदल दिया गया था. इसके बावजूद इस तरह की घटनाओं का दोबारा सामने आना रेलवे की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. यात्रियों का कहना है कि केवल एजेंसी बदलना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि सेवा की गुणवत्ता की लगातार मॉनिटरिंग और सख्त कार्रवाई भी जरूरी है. फिलहाल इस ताजा शिकायत के बाद अब सभी की नजर रेल मंत्रालय की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है.

