रांची/ ईचागढ़: विधायक सविता महतो ने रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में पुल निर्माण की मांग उठाई. इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत चार महत्वपूर्ण पुलों के निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने के लिए मांगपत्र सौंपा.

विधायक सविता महतो ने मांगपत्र में ईचागढ़ प्रखंड के टीकर गांव में करकरी नदी पर टीकर पुल, चांडिल प्रखंड में एनएच-33 से जयदा मंदिर जाने वाले मार्ग पर पुल, कुकड़ू प्रखंड के बड़ालापांग एवं सम्पतडीह गांव के बीच शोभा नदी पर पुल तथा नीमडीह प्रखंड के लावा क्षेत्र में पुल निर्माण की मांग की है.
उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इन क्षेत्रों के ग्रामीण वर्षों से आवागमन की गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं. विशेष रूप से बरसात के मौसम में नदी और नालों का जलस्तर बढ़ जाने से कई गांवों का संपर्क मुख्य सड़कों से कट जाता है, जिससे लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
विधायक ने कहा कि प्रस्तावित पुलों के निर्माण से हजारों ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा. विद्यार्थियों को स्कूल और कॉलेज आने-जाने में सुविधा होगी, जबकि मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. इसके अलावा किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक तथा सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.
उन्होंने कहा कि इन पुलों का निर्माण क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं का स्थायी समाधान साबित होगा और ग्रामीण विकास को नई गति प्रदान करेगा. इसलिए इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति देकर शीघ्र निर्माण कार्य शुरू कराया जाना आवश्यक है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित करने का आश्वासन दिया. विधायक के आप्त सचिव सह झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने बताया कि क्षेत्र की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है.
ग्रामीणों को उम्मीद है कि पुल निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्याओं का समाधान होगा और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी.



