हजारीबाग: शहर के बड़ा बाजार ओपी क्षेत्र में 15 अगस्त की रात उस समय सनसनी फैल गई जब अपाचे बाइक पर सवार हथियारबंद अपराधियों ने पेट्रोल पंप मैनेजर पर हमला कर तीन लाख रुपये लूट लिए. घटना रात करीब 8:30 बजे नमस्कार चौक धोबी मोहल्ला खटाल के पास हुई.

जानकारी के अनुसार, आरआर पेट्रोल फ्यूल पंप खिरगांव रोड के मैनेजर अवधेश कुमार मालिक जेएन. सत्यार्थी के लिए तीन लाख रुपये लेकर इमली कोठी स्थित घर जा रहे थे. तभी नकाबपोश लुटेरों ने उन्हें रोककर पैसों का बैग छीनने का प्रयास किया. विरोध करने पर अपराधियों ने बंदूक तान दी और गोली चला दी. अवधेश फुर्ती से झुक गए, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन हाथ में चोट लग गई. इस बीच अपराधी कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए.
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. अवधेश ने बताया कि जब भी बैंक बंद रहता है, वे इसी रास्ते से मालिक के घर कैश लेकर जाते थे. लेकिन इस बार अपराधियों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. बड़ा बाजार ओपी प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. पुलिस टीम सक्रिय रूप से जांच में जुटी है और बहुत जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

