हजारीबाग: गुरुवार सुबह एनआईए ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए पेलावल थाना क्षेत्र स्थित एक घर में छापेमारी की. तीन वाहनों में पहुंची एनआईए टीम के साथ एटीएस की टीम भी शामिल थी. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. टीम घर के सदस्यों से पूछताछ कर रही है और छानबीन बेहद गोपनीय तरीके से जारी है.

सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई संदिग्ध आतंकी शाहनवाज आलम उर्फ शैफी से जुड़े इनपुट्स के आधार पर की जा रही है. शाहनवाज को दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने अक्टूबर 2023 में पुणे ISIS मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार किया था. वह मूल रूप से झारखंड के हजारीबाग का रहने वाला है और 2019 में डकैती व चोरी के मामलों में भी जेल जा चुका है.
जमानत पर छूटने के बाद वह कथित तौर पर ISIS हैंडलरों के संपर्क में आया था. एनआईए की टीम घर से एक प्रिंटिंग मशीन के साथ अंदर गई है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि टीम कुछ दस्तावेज या फोटो प्रिंट कर रही है. घर के अंदर मौजूद एक वृद्ध व्यक्ति से लगातार पूछताछ की जा रही है. अधिकारी अभी छापेमारी की प्रकृति और प्राप्त साक्ष्यों पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं. कार्रवाई अभी जारी है.

