चांडिल: नीमडीह प्रखंड के टेंगाडीह पंचायत अंतर्गत मातकमडीह गांव निवासी एवं आजसू पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता मिथुन पाण्डेय के पिता भैरव पाण्डेय का बुधवार को टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH), जमशेदपुर में इलाज के दौरान निधन हो गया. वह लंबे समय से अस्पताल में भर्ती होकर उपचाररत थे.



परिजनों के अनुसार इलाज के दौरान अस्पताल का कुल बिल 2 लाख 57 हजार 437 रुपये हुआ. परिवार ने किसी तरह 94 हजार 500 रुपये का भुगतान किया, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण शेष राशि जमा कर पाना संभव नहीं था. ऐसे में मिथुन पाण्डेय ने ईचागढ़ विधानसभा के जननेता एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो से सहायता की अपील की.
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरेलाल महतो ने तत्काल भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची सांसद संजय सेठ से दूरभाष पर संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी. मंत्री के हस्तक्षेप के बाद TMH प्रबंधन ने अस्पताल के बिल में एक लाख रुपये की छूट प्रदान की, जिससे शोकाकुल परिवार को बड़ी आर्थिक राहत मिली.
बिल संबंधी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने भैरव पाण्डेय का शव परिजनों को सौंप दिया. इसके बाद हरेलाल महतो ने ‘जन सेवा ही लक्ष्य’ संस्था की ओर से संचालित निःशुल्क एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव को उनके पैतृक गांव मातकमडीह पहुंचवाया.
इस अवसर पर हरेलाल महतो ने रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की घड़ी में जरूरतमंद परिवार की सहायता करना जनप्रतिनिधियों का सबसे बड़ा दायित्व है. वहीं, परिजनों ने भी हरेलाल महतो और संजय सेठ के प्रति सहयोग के लिए आभार जताया.





