गिरिडीह: जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बिरसा चौक स्थित SBI एटीएम में चोरी का प्रयास सामने आया है. स्थानीय लोगों की सतर्कता से एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया गया, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए.

जानकारी के अनुसार पटेल नगर निवासी उमाकांत वाजपेई बिरसा चौक स्थित SBI एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे थे. उन्होंने मशीन में कार्ड लगाकर निकासी का प्रयास किया, लेकिन पैसे बाहर नहीं आए. इसके बाद वे पास में स्थित दूसरे SBI एटीएम की ओर चले गए. इसी दौरान उनके मोबाइल पर पैसे निकासी का संदेश प्राप्त हुआ, जिससे उन्हें संदेह हुआ.
संदेह के बाद उमाकांत वाजपेई तुरंत पहले वाले एटीएम पर लौटे, जहां उन्होंने देखा कि एक युवक उनके निकाले गए 10,000 रुपये लेकर भागने की कोशिश कर रहा है. शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने दौड़कर उस युवक को पकड़ लिया.
पकड़े गए युवक ने पूछताछ में बताया कि वह चार सदस्यीय गिरोह का हिस्सा है और उसके तीन अन्य साथी घटना स्थल से फरार हो चुके हैं. जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह द्वारा एटीएम मशीन के कैश आउटलेट पर सेलोटेप लगाकर पैसे फंसाने की तरकीब अपनाई गई थी और ग्राहक के जाने का इंतजार किया जा रहा था.
स्थानीय लोगों की सतर्कता और उमाकांत वाजपेई की सूझबूझ से बड़ी वारदात टल गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. फरार तीन आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि एटीएम से पैसे निकालते समय पूरी सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत जानकारी नजदीकी थाना को दें.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
