गढ़वा: शहर में नशे के खिलाफ पुलिस का लगातार अभियान तेज है और इसी क्रम में मंगलवार देर शाम एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गढ़देवी मोहल्ला में चल रहे ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ लाखों रुपये नकद भी बरामद किए हैं. यह पूरा नेटवर्क बिहार के सासाराम से जुड़ा होने की जानकारी सामने आई है.

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि गढ़देवी मोहल्ला स्थित एक घर में ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गढ़वा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया. टीम में थाना पुलिस के साथ तकनीकी और खुफिया इकाइयों को भी शामिल किया गया.
सूचना की पुष्टि होने पर टीम ने गढ़देवी मोहल्ला में छापामारी की. पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया. गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहुल कुमार और विनोद राम उर्फ सोढ़न के रूप में हुई है.
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस को कई पुख्ता प्रमाण मिले, जिनसे स्पष्ट हुआ कि यहां लंबे समय से नशे का काला कारोबार चल रहा था. तलाशी के दौरान कुल 29.2 ग्राम ब्राउन शुगर, ₹2,80,000 नकद, 06 मोबाइल फोन, पैकिंग सामग्री और 02 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं.
पुलिस पूछताछ में आरोपी राहुल कुमार ने स्वीकार किया कि वह सासाराम से ब्राउन शुगर लाकर गढ़वा में सप्लाई करता है. उसने बताया कि एक पुड़िया ₹500 से ₹700 में बेची जाती थी. पुलिस को आशंका है कि इस रैकेट में और भी लोग शामिल हो सकते हैं.

