गढ़वा: जिले के रमना थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-39 स्थित रमना मुख्य बाजार में शुक्रवार को एक कपड़ा दुकान में भीषण आग लगने से अफरा- तफरी मच गई. आग लगने की यह घटना दो मंजिला खपरैलनुमा दुकान और उससे सटे आवासीय मकान में हुई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा घर व दुकान उसकी चपेट में आ गया.

स्थानीय लोगों के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट से लगी, जिसके बाद तेजी से फैलती चली गई. आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई सामान नहीं बचाया जा सका. दुकान में रखा कपड़ा, नकदी सहित अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया.
आग की चपेट में आने से दुकान से सटा मकान भी जल गया, जिससे घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, जरूरी दस्तावेज और घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गया. अनुमान के अनुसार इस घटना में करीब 35 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है.
सूचना मिलने पर रमना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को सूचना दी गई, लेकिन अतिक्रमण के कारण दमकल की गाड़ी समय पर घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी. संकरी सड़क और अवैध कब्जे के कारण आग बुझाने में भारी परेशानी हुई. इस दौरान स्थानीय लोगों ने बाल्टी और अन्य संसाधनों से आग बुझाने में सहयोग किया.
गनीमत यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है.

