गम्हारिया/ Paramveer Patro प्रखंड के जुलुमटाड़ स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान वीणापाणी ज्ञानोदय मॉडर्न पब्लिक स्कूल में नवरात्रि के पावन अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर विद्यालय के छात्र- छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की, जिसे देखकर पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया.

कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ. विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से मंच का उद्घाटन किया. बच्चों ने क्रमवार मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री की झांकी प्रस्तुत की. धार्मिक गीत, नृत्य और मंत्रोच्चार से पूरा सभागार गूंज उठा और दर्शक भावविभोर हो गए.

विद्यालय के छोटे बच्चों ने मां शैलपुत्री और ब्रह्मचारिणी की झांकी प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया, जबकि वरिष्ठ छात्रों ने महाकाली और महागौरी का स्वरूप धारण कर दर्शकों को स्तब्ध कर दिया. तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साह दोगुना हो गया. विद्यालय प्रबंधन समिति ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मक क्षमता को बढ़ाते हैं. उन्होंने बताया कि नवरात्रि केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि शक्ति, साहस और सत्य की विजय का प्रतीक है.
शिक्षकगणों ने नौ रूपों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व जीवन में धैर्य, साहस और सद्गुण अपनाने की प्रेरणा देता है. बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की भरपूर सराहना की. विद्यालय की प्राचार्या ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास तभी संभव है जब उन्हें सांस्कृतिक और सामाजिक मंच मिले. उन्होंने यह भी कहा कि नवरात्रि की झांकी बच्चों को सिखाती है कि सत्य और सद्गुण की विजय हमेशा असत्य और दुर्गुणों पर होती है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
