गम्हरिया: प्रखंड अंतर्गत महुलडीह स्थित यूसिल माइंस में कार्यरत ठेका मजदूरों ने अपनी लंबित अर्जित छुट्टी की राशि के भुगतान की मांग को लेकर बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. हड़ताल से पूर्व मजदूरों ने पदयात्रा करते हुए माइंस गेट तक मार्च किया और वहां जोरदार प्रदर्शन किया. इसके बाद गेट के समीप स्थित फुटबॉल मैदान में मजदूरों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई.

बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जब तक अर्जित छुट्टी की लंबित राशि का भुगतान नहीं किया जाता है, तब तक हड़ताल जारी रहेगी. मजदूरों ने स्पष्ट किया कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि वास्तविक भुगतान ही उनकी मांग है.
आंदोलन को देखते हुए माइंस के कार्मिक विभाग के प्रबंधक की ओर से एक सूचना जारी की गई, जिसमें सात दिनों के भीतर लंबित राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया गया. साथ ही मजदूरों से काम पर लौटने की अपील भी की गई. हालांकि मजदूरों ने इस आश्वासन को ठुकराते हुए हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया. मजदूरों का कहना है कि पूर्व में भी कई बार भुगतान को लेकर आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक राशि का भुगतान नहीं हुआ है.
मजदूरों ने बताया कि भुगतान में हो रही देरी के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है.

