
गम्हरिया: सरायकेला- खरसावां. जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर स्थित शशि सिंह के मकान में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा- तफरी का माहौल बन गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाश मकान में रह रहे किरायेदारों के मोबाइल फोन और नकदी लेकर फरार हो गए. चोरी की वारदात की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.


घटना के बाद मकान में रहने वाले तीन किरायेदार गुलशन, ताहिर और सुमित मौके पर नहीं मिले. शुरुआत में स्थानीय लोगों और परिजनों के बीच यह चर्चा फैल गई कि तीनों का अपहरण कर लिया गया है. हालांकि बाद में पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया कि तीनों किरायेदारों को पूछताछ के लिए गम्हरिया थाना पुलिस अपने साथ ले गई है इसके बाद अपहरण की आशंका पूरी तरह अफवाह साबित हुई.
घटना के दौरान मकान में मौजूद एक अन्य किरायेदार ने बताया कि शोर- शराबा सुनकर उसने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया था. उसका दावा है कि वारदात में शामिल कुछ लोग पुलिस जैसी वर्दी पहने हुए थे. फिलहाल पुलिस इस दावे की भी गंभीरता से जांच कर रही है कि आखिर बदमाशों ने वर्दी का इस्तेमाल किया था या नहीं.
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और चोरी गए सामान का ब्योरा भी जुटाया जा रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और उन्होंने घटना को किस तरह अंजाम दिया.
गम्हरिया थाना पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है. पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर विश्वास न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





