गम्हरिया: प्रखंड क्षेत्र में जर्जर सड़क और नाली की समस्या को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता फूलकांत झा एवं गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष इंद्रकांत झा (ईशु) ने सोमवार को प्रखंड के नवनियुक्त बीडीओ श्रवण कुमार झा से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की. दोनों नेताओं ने क्षेत्र की समस्याओं से बीडीओ को अवगत कराते हुए इसके शीघ्र समाधान की मांग की.


कांग्रेस नेताओं ने बीडीओ को बताया कि गम्हरिया प्रखंड के जगन्नाथपुर पंचायत स्थित साई विहार कॉलोनी, रोड नंबर 10-बी में सड़क और नाली की स्थिति लंबे समय से जर्जर है. नाली की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में सड़क पर जलजमाव और कीचड़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. इससे स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है.
उन्होंने बताया कि सड़क की स्थिति खराब होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को विशेष परेशानी होती है. इसी मार्ग से आसपास के बच्चे स्कूल आते-जाते हैं, ऐसे में सड़क की जर्जर स्थिति दुर्घटना की आशंका भी बढ़ाती है.
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर वर्ष 2019 में मुख्यमंत्री जनसंवाद के माध्यम से भी शिकायत की गई थी. इसके बाद जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, सरायकेला-खरसावां द्वारा 14 अक्टूबर 2019 को आवश्यक कार्रवाई एवं योजना के क्रियान्वयन के लिए निर्देश दिया गया था. इसके बावजूद करीब सात वर्ष बीत जाने के बाद भी सड़क और नाली की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ शिकायत करना उद्देश्य नहीं है, बल्कि क्षेत्र के ग्रामीणों को लंबे समय से हो रही परेशानी से प्रशासन को अवगत कराकर समाधान की पहल कराना है.
कांग्रेस नेताओं ने बीडीओ से आग्रह किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थल निरीक्षण कराकर सड़क एवं नाली निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल की जाए. उन्होंने कहा कि यदि नियमों के अनुरूप संभव हो तो साई विहार कॉलोनी रोड नंबर 10-बी में सड़क एवं नाली निर्माण का कार्य सांसद निधि (एमपीएलएडीएस) अथवा अन्य उपयुक्त योजना के माध्यम से कराया जाए.
उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन के हस्तक्षेप से स्थानीय ग्रामीणों को जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी. साथ ही स्कूली बच्चों सहित आम लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी.

