
गम्हरिया: झारखंड आंदोलन के अग्रणी नायक और प्रख्यात मजदूर नेता शहीद रतिलाल महतो के 27वें शहादत दिवस पर सोमवार को गम्हरिया के ऊपरबेड़ा स्थित उनके समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस अवसर पर झामुमो नेता केपी सोरेन सहित सैकड़ों लोगों ने शहीद रतिलाल महतो को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके योगदान को याद किया.


सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग समाधि स्थल पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते रहे. हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर झारखंड आंदोलन और मजदूर हितों के लिए उनके संघर्ष को याद किया गया.
इस मौके पर झामुमो नेता केपी सोरेन ने कहा कि शहीद रतिलाल महतो ने झारखंड आंदोलन के साथ-साथ मजदूर आंदोलन को नई दिशा देने का कार्य किया था. उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा. उन्होंने कहा कि रतिलाल महतो के निधन के बाद मजदूर आंदोलन में जो शून्यता आई है, उसे भरने का प्रयास किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि आज मजदूरों का शोषण और बढ़ती बेरोजगारी बड़ी चुनौती बन चुकी है. ऐसे समय में मजदूरों की आवाज को मजबूती से उठाना जरूरी है. केपी सोरेन ने कहा कि वे जल्द ही शहीद रतिलाल महतो के परिजनों से मुलाकात कर मजदूर आंदोलन की नई रूपरेखा तैयार करेंगे और उनके अधूरे सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाएंगे.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





