गम्हरिया: श्री श्री सार्वजनिक गणेश पूजा कमेटी, यूनिक क्लब मोतीनगर की ओर से आयोजित गणेश पूजा पंडाल का रविवार को मुख्य अतिथि शिक्षाविद प्रो. कालीपद सोरेन ने फीता काटकर उद्घाटन किया. इस दौरान पुजारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.


उद्घाटन समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में स्थानीय पार्षद शुभम पांडे, जगदीश नारायण चौबे, इंद्रकांत झा और बीटी दास मौजूद रहे. कमेटी के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया.

मुख्य अतिथि प्रो. कालीपद सोरेन ने क्षेत्रवासियों को गणेश पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज को एक सूत्र में जोड़ने का काम करते हैं. भगवान गणेश विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं. उनकी आराधना हमें सकारात्मक सोच के साथ समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती है. उन्होंने पूजा कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में उत्सव मनाने की अपील की.

सोमवार को भगवान गणेश की विधि- विधान से पूजा- अर्चना की जाएगी. इसे लेकर कमेटी ने विशेष तैयारियां की हैं. पूजा एवं दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के मोतीनगर पहुंचने की संभावना है.

आयोजन को सफल बनाने में कमेटी के अध्यक्ष देव कुमार सिंह (कारू) के साथ संजय सिंह, हरिओम सिंह, राजीव, रवि, प्रमोद, कुशल, आशीष, अंकित, रोहित, रंजीत, विवेक और कुणाल सहित कमेटी के सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

