गम्हरिया/ Bipin Varshney प्रखंड कार्यालय से सटे तालाब के समीप रविवार को एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने आदित्यपुर पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
शव की पहचान मृतक की जेब से मिले परिचय पत्र के आधार पर आनंद कुमार, पिता हलदर प्रसाद चौधरी निवासी सी. निर्मल महतो पाथ, छोटा गम्हरिया के रूप में हुई है. बताया गया कि मृतक अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड के एसएमएस विभाग में कार्यरत था.
घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है. सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव देखते ही रो-रो कर बेहाल हो गए. फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि यह मामला हत्या का है या किसी हादसे का परिणाम है. थाना प्रभारी विनोद तिर्की ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और जिज्ञासा का माहौल बना हुआ है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के हर कोण से जांच की जा रही है.

