गम्हरिया: ग्रामीण युवाओं को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने को लेकर बीडीओ अभय कुमार द्विवेदी ने गुरुवार को इंडो डेनिश टूल रूम के जीएम आनंद दयाल से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने संस्थान के क्रियाकलापों को जाना और संस्थान में ग्रामीण युवाओं को रोजगारोन्मुखी तकनीकी प्रशिक्षण मुहैया कराने की दिशा में पहल करने की संभावनाओं पर चर्चा की.

श्री दयाल ने भरोसा दिलाया कि संस्थान इसपर गंभीरता से विचार करेगा और जल्द ही इसके लिए उच्च अधिकारियों से बात कर इसपर पहल की जाएगी. प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत करीब 18 तकनीकी शिक्षा की दिशा में संस्थान से सहयोग करने की अपील की गई है. इसपर सार्थक वार्ता हुई है. उम्मीद है कि संस्थान जल्द ही उनके इस पहल पर विचार करेगा ताकि ग्रामीण युवाओं को शार्ट टर्म तकनीकी शिक्षा देकर रोजगार से जोड़ा जा सके.

