गम्हरिया/ Bipin Varshney गम्हरिया: झारखंड क्षत्रिय संघ गम्हरिया इकाई के अध्यक्ष संतोष सिंह का रविवार देर शाम हार्ट अटैक से निधन हो गया. वे 55 वर्ष के थे. उनके अचानक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय संतोष सिंह के निधन से लोगों में गहरा दुःख है.

जानकारी के अनुसार देवनगरी में झारखंड क्षत्रिय संघ की ओर से आयोजित पिकनिक कार्यक्रम में वे शामिल हुए थे. कार्यक्रम से लौटने के बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे वे अपने घर पहुंचे. घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ और बेचैनी महसूस होने लगी. परिजन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल ले गए. अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्राथमिक तौर पर हार्ट अटैक को मौत का कारण बताया जा रहा है.

रविवार को आयोजित पिकनिक के दौरान ली गई तस्वीर
संतोष सिंह अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं. तीनों की अभी शादी नहीं हुई है. उनकी बेटी दिल्ली में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि दोनों बेटे पढ़ाई कर रहे हैं. परिवार पर इस असमय हुए निधन से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना की सूचना मिलते ही संघ के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे. संतोष सिंह लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय थे और संगठन को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. उनके निधन से झारखंड क्षत्रिय संघ को अपूरणीय क्षति हुई है. परिवार में शोक का माहौल है. बड़ी संख्या में लोग दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं.

