
धनबाद: निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने गैंगस्टर प्रिंस खान पर फोन, व्हाट्सएप कॉल, ऑडियो और मैसेज के जरिए धमकी देने का आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने धनबाद के एसएसपी को लिखित शिकायत सौंपकर सुरक्षा उपलब्ध कराने और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है.


विधायक का आरोप है कि उन्हें पैसे की मांग करते हुए 24 घंटे के भीतर रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है. उन्होंने बताया कि पहले लगातार फोन किए गए, लेकिन कॉल रिसीव नहीं करने पर व्हाट्सएप के माध्यम से ऑडियो और संदेश भेजे गए, जिनमें कथित तौर पर कोयला कारोबार का भी जिक्र किया गया है.
अरूप चटर्जी ने कहा कि हाल ही में उन्होंने सांसद ढुल्लू महतो और गैंगस्टर प्रिंस खान के कथित संबंधों की जांच की मांग उठाई थी. उनका दावा है कि इसके बाद ही उन्हें धमकियां मिलनी शुरू हुईं. उन्होंने जिले में कोयला चोरी और अवैध खनन की केंद्रीय एजेंसियों से निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी दोहराई.
विधायक की शिकायत के बाद धनबाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Edited By Sarita





