धनबाद: जिले के मनियाडीह थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी शंकर डे के बीच मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शंकर के पैर में गोली लगी. घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सुरक्षा के बीच उसका इलाज चल रहा है.


हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग का दावा
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने शंकर डे को मैथन से गिरफ्तार किया था. पूछताछ में उसने राम प्रताप प्रसाद की हत्या में संलिप्तता स्वीकार करने की बात कही. इसके बाद पुलिस उसे हथियार बरामदगी और घटनास्थल की पहचान के लिए मनियाडीह के नवादा जंगल लेकर गई. पुलिस का दावा है कि इसी दौरान शंकर ने एक पुलिस अधिकारी की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी.
कई चर्चित आपराधिक मामलों से जुड़ा नाम
शंकर डे का नाम वर्ष 2009 में कपड़ा व्यवसायी बिहारी लाल चौधरी की हत्या के मामले में भी सामने आया था. ताजा पूछताछ में पुलिस के अनुसार उसने जून 2026 में आटा मिल कर्मचारी उमेश यादव की हत्या और लूट तथा नवंबर 2025 में बरवाअड्डा बाजार समिति के तेल कारोबारी पर हमले और चार लाख रुपये की लूट में संलिप्तता स्वीकार की है. धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है. उल्लेखनीय है कि धनबाद में हाल के दिनों की यह नौवीं पुलिस मुठभेड़ है, जिसमें किसी आरोपी के पैर में गोली लगी है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

