धनबाद: जिले के जोगता थाना क्षेत्र अंतर्गत श्यामबाजार 7 नम्बर बस्ती में सोमवार तड़के अचानक ज़ोरदार आवाज़ के साथ ज़मीन धंस गई. इस भूधसान में एक मकान पूरी तरह धरती में समा गया. घर में रखा अनाज और अन्य सामान भी मिट्टी के नीचे दब गया.

स्थानीय लोगों ने बताया कि तेज आवाज़ के बाद पूरा इलाका दहशत में आ गया. आसपास के दर्जनों घरों की दीवारों और ज़मीन में दरारें पड़ गईं. बड़ा भूभाग फट जाने से कई घर अब भी जमींदोज होने की जद में हैं. लोग घर छोड़कर सुरक्षित जगह पर पहुंच गए हैं.

हादसे की जानकारी मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली. जमींदोज हुए घर की सदस्य कल्याणी देवी ने बताया कि रात में परिवार के सभी लोग सो रहे थे. अचानक जोर की आवाज़ आई और घर धंसने लगा. किसी तरह सभी सदस्य बाहर निकल पाए. देखते ही देखते पूरा मकान ज़मीन के अंदर चला गया.
स्थानीय महिला रोजी देवी ने कहा कि इलाके में लंबे समय से अवैध कोयला खनन हो रहा है. शिकायत के बावजूद पुलिस और बीसीसीएल कार्रवाई नहीं करती. वहीं इंद्रदेव भुइयां ने कहा कि कोयला माफिया द्वारा ग्रामीणों को डराया- धमकाया जाता है. अवैध खनन ही इस हादसे का कारण है और लोगों की ज़िंदगी लगातार खतरे में है.
घटना की जानकारी मिलने पर बीसीसीएल के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. लेकिन जब उनसे घटना को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया. अधिकारी ने केवल इतना कहा कि वे वरीय अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपेंगे और तुरंत लौट गए. इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है.

