धनबाद: कोयला चोरी से त्रस्त जनता ने गुरुवार को तेतुलमारी थाना क्षेत्र में सड़कों पर उतर कर विरोध जताया. पांडेडीह के चंदौर बस्ती की महिलाओं और पुरुषों ने हाथों में झाड़ू लेकर सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में कोयला चोरी चरम पर है और पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है.

स्थानीय महिला सरिता देवी ने बताया कि तेतुलमारी क्षेत्र में बंद पड़ी खदानों से कोयले का अवैध उत्खनन हो रहा है. कोयला चोर रात में बीसीसीएल की बंद खदानों में पहुंच जाते हैं और पिलर पर टिके खदानों से कोयला निकालते हैं, जिससे भू-धंसान की घटनाएं बढ़ रही हैं और बस्ती के घर जमींदोज होने के कगार पर हैं. उन्होंने कहा कि मनसा मंदिर के पीछे की बंद खदान पर भी रात में दर्जनों की संख्या में चोर सक्रिय रहते हैं, जिससे पूरी बस्ती खतरे में है.
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया. अंततः मजबूर होकर लोगों ने सड़क पर उतर कर झाड़ू के साथ विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन की सूचना मिलते ही तेतुलमारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, हालांकि बाद में पुलिस ने समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया. स्थानीय निवासी सरिता देवी ने कहा कि अगर प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता है तो ग्रामीण बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
