छपरा: सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा होते- होते बचा जब हिमालयन इंटरनेशनल स्कूल, परसा की बच्चों से भरी बस और ट्रक की आमने- सामने टक्कर हो गई. यह दुर्घटना अमनौर- सोनहो एसएच-73 मुख्य मार्ग पर खोरी पाकर स्थित भारत पेट्रोलियम पंप से करीब 100 मीटर की दूरी पर हुई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस अमनौर, बिशुनपुरा, लच्ची सहित आसपास के गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही थी. जैसे ही वाहन अमनौर पोखरा से आगे बढ़ा और खोरी पाकर गोविंद भारत पेट्रोलियम पंप पार किया, तभी सामने से आ रही ट्रक से टकरा गया. हादसे के बाद दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए.
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए बस में सवार करीब बीस बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और घायलों को अमनौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. पुलिस के अनुसार हादसे में लगभग दस बच्चों को चोटें आई हैं जिनका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है और सभी खतरे से बाहर हैं.
सूचना मिलते ही अमनौर थाना की 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के बाद लगे जाम को हटवाकर यातायात बहाल कराया. थाना प्रभारी हेमंत कुमार ने बताया कि स्कूल बस और ट्रक चालक दोनों फरार हैं, मामले की जांच जारी है और शीघ्र ही दोनों को गिरफ्तार किया जाएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
