देवघर: नगर थाना क्षेत्र के बरियारबांधी इलाके में बुधवार दोपहर गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई. अज्ञात हमलावरों ने 23 वर्षीय युवक अभिषेक यादव को गोली मार दी और मौके से फरार हो गए. गोली अभिषेक की कमर में लगी है.


घटना के बाद स्थानीय लोगों और दोस्तों की मदद से घायल युवक को तत्काल देवघर सदर अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति का आकलन किया. डॉक्टरों के अनुसार अभिषेक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उसका इलाज जारी है.
जानकारी के अनुसार अभिषेक यादव देवघर के बमपास टाउन स्थित एसकेपी स्कूल के समीप का निवासी है. घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं. हालांकि अब तक गोलीबारी के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिलाया है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



