बोकारो: जिले में कार्यरत रैपिडो राइडर्स ने अपनी सुरक्षा और कार्यस्थल पर हो रही कथित परेशानियों को लेकर मंगलवार को आवाज बुलंद की. सैकड़ों राइडर्स ने बाइक रैली निकालकर समाहरणालय पहुंचकर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा और स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.


राइडर्स ने ज्ञापन में कहा कि वे राइडिंग का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं, लेकिन बोकारो रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में उन्हें लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उनका आरोप है कि कुछ ऑटो चालकों और ऑटो एसोसिएशन से जुड़े लोगों द्वारा उन्हें सवारी लेने से रोका जाता है तथा कई बार उनके साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है.
रैपिडो कैप्टनों ने दावा किया कि कई मौकों पर उनकी बाइक की चाबी छीनने, गाली-गलौज करने, मारपीट करने और नुकसान पहुंचाने की धमकी देने जैसी घटनाएं भी हुई हैं. इन परिस्थितियों के कारण वे स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और उनके रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
राइडर्स ने प्रशासन से मांग की कि स्टेशन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए, असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए तथा उन्हें बिना किसी भय और बाधा के काम करने का वातावरण उपलब्ध कराया जाए.
रैपिडो चालक किस्मत अंसारी, केशव कुमार और अमित कुमार ने कहा कि वे कानून के दायरे में रहकर काम करना चाहते हैं, लेकिन लगातार उत्पीड़न की घटनाओं के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है. उन्होंने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की.
ज्ञापन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक और स्टेशन मास्टर को भी भेजी गई है. अब रैपिडो राइडर्स को उम्मीद है कि प्रशासन उनकी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाएगा और उन्हें सुरक्षित माहौल में काम करने का अवसर मिलेगा.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



